जैसी दृष्टि आपकी,
वही दिखे संसार l
क्रोध ललायी आँख को,
फूल दिखे अंगार ll
प्रकट होय उन्माद से,
विलोपन ग्लानि देय l
क्रोध सकल इंसान की,
मति, विवेक हर लेय ll
दिल भावों का दरिया है,
मुख है शब्दागार l
मन का मौसम बांचते,
परकट हुये विचार ll
निभे न रिश्ते मय जहाँ,
मय रहता या मान l
मय यम का दरबार है,
मय मरघट शमशान ll
कुछ कहें उससे पहले,
शब्दों को लें तोल l
रुचिकर पशु को भी नही,
कड़वे, कर्कश बोल ll
कान हवाई बात पे,
विवेक न करें प्रयोग l
बहुदा खोते मित्र को,
कानों कच्चे लोग ll
- ओम प्रकाश परमार

सुंदर , अर्थपूर्ण एवं भावपूर्ण ।
जवाब देंहटाएं