रास्ते
आगे-पीछे, दाएँ-बाएँ
जाल बिछाए खड़े हैं,
सर्विस रोड, बायपास, अंडरपास,
हर ओर बस धुँधले पड़ते निशान।
मैं ढूँढती हूँ अपनी गली,
अपने आँगन की मिट्टी की खुशबू,
पर सड़कों के नाम बदल गए हैं,
इमारतें ऊँची हो गई हैं,
और मकड़जाल में उलझी मैं
बस भटकती रह जाती हूँ।
हर मोड़ पर रुकती हूँ,
हर संकेत को पढ़ने की कोशिश करती हूँ,
पर दिशाएँ धुंधली हैं,
चेहरे अजनबी हैं,
और मेरी पहचान
कहीं खो गई है इन रास्तों में।
पर लड़की हूँ न
सीख गई हूँ
रास्तों से टकराकर भी
खुद को समेटना
सीख गई हूँ अजनबी गलियों में भी
अपने होने का सबूत छोड़ना
मैं रास्ता नहीं हूँ
पर अब
रास्ते मुझसे डरते हैं
क्योंकि मैं गुम नहीं होती
खुद को खोज लेती हूँ
हर बार, हर मोड़ पर
- डॉ. यशोधरा भटनागर

अच्छा प्रयास एवं अच्छा विषय है हर व्यक्ति आज अपने बचपन को खोज रहा है उन गलियों को खोज रहा है जहां भागते दौड़ते एक दूसरे से हंसते बोलते , लड़ते झगड़ते फिर एक होते अपना बचपन गुजरा था पर अब जिंदगी की इस भाग दौड़ में वो सब कही खो सा गया है पर याद आता है बहुत याद आता है ।
जवाब देंहटाएंजी, शुक्रिया, आपकी महत्वपूर्ण टिप्पणी के लिए
हटाएं