वे न कटते तो क्या करते बेचारे
वे खुद ही सूखे या सुखाये गये
यह प्रश्न अनुत्तरित सा मुँह बाए खड़ा
ठूंठ बन कर खड़े रहना, गर्मी सर्दी सहना
उन्हें कैसे भाता।
समर्पण कर दिया होगा
इसीलिए कट फट जाने के लिए
आरी गर्दन पर आते ही
कितना तड़फड़ाए होंगे
बीते दिनों को याद कर
बिलबिलाये होंगे।
पतझड़ी मौसम में, किंचित
कष्ट आता था
किन्तु बसन्त का आगमन
चेतना जगाता था।
विषैली मानसिकता वालों ने
जबरिया विष पान को मजबूर किया होगा
और हँसते, खिलखिलाते
विष पान कर गये बेचारे।
अपना अन्त जानते थे
वे मूक प्राणी
किन्तु सह गये चुपचाप
धनाढ्यों को और धनाढ्य
बनाने के लिए।
कर गये बलिदान अपना
बलिवेदी न चढते, तो क्या करते बेचारे।
- रमेश माहेश्वरी 'राजहंस'

मार्मिक चित्रण, बहुत सुंदर
जवाब देंहटाएंशुक्रिया, भाई, टिप्पणी के लिए।
हटाएं