शुक्रवार, 31 जुलाई 2026
एक नज़्म जीवन की
गुरुवार, 30 जुलाई 2026
तेरे दर्शन अलौकिक हो रहे हैं
तेरे दर्शन अलौकिक हो रहे है
मेरे चक्षु ही भौतिक हो रहे हैं l
इधर से सब लिखित में हो रहा है
उधर से प्रश्न मौखिक हो रहे हैं l
हमारे साथ जब से आ गए हो
तुम्हारे छंद मौलिक हो रहे हैं l
तुम्हारी चाहना संसार भर की
हमारे यत्न यौगिक हो रहे हैं l
सितारे स्वप्न में टूटे है' एकल '
मगर सच सार्वभौमिक हो रहे हैं।
- संजीव 'एकल'
बुधवार, 29 जुलाई 2026
ओम
ओस में नहाई
हरी भरी घास पर
चमचमाते
सैकड़ों हरे भूरे लाल सुनहरे पत्ते
चहचहा रहे हैं
नावाकिफ़ अपने आसन्न अन्त से
मेरे दबे पाँव रखने के बावजूद
वे आँखें मलते हुए उठ बैठे
मेरी टाँगो से लिपट मचलने लगे
उन्हें अपनी बाहों में समेटे
लोट-पोट में मुझे मशगूल देख
पेड़ खिलखिलाने लगे
चक्राकार में घूमती
हमसे बतियाती हंसियाती प्रकृति
अपनी गोद में झुलाते बहलाते हमें
आगत के लिए आगाह कर बैठी
'ये जो लाल सुनहरे पत्ते तुम्हारे सिर पर
इतरा रहे हैं न आज
कल ये भी तुम्हारे कदमों में बिछे होंगे
उसकी गोद में कुनमुनाती
मैं कह उठी
'हाँ मां, कल मैं भी तो आऊंगी
तुम्हारी ही शरण में
तुम में एकाकार होने।
कानों में बज उठी
फिर वही ब्रह्मांड की
अनन्त और सुरीली धुन
जिसके स्वर में स्वर मिला
मैं भी गुनगुना उठी
ओम...
- दिव्या माथुर
सोमवार, 27 जुलाई 2026
सब अच्छा लगता है...
रविवार, 26 जुलाई 2026
अपने लिए समय
(चित्र AI से)
अपने लिए समय कब मिलेगा?
जवानी में चले
बुढ़ापे संग लौटे
बचपन भी न जाने कब छूट गया
जवानी के दिनों में बचपन ढूंढते रहे
बुढ़ापे की दहलीज पर जवानी।
जवानी न जाने कब चली गई
हम जिम्मेदारियों को ही ढोते रहे
जवानी को ज़िम्मेदारियों से सींचते रहे
अभी उम्र पड़ी है जीने की
यही सोचते रहे
ना जाने कब जवानी ने साथ छोड़ दिया
बुढ़ापा सिर पर खड़ा था
बचपन जाने कहा खो गया
बेटे से पिता बने
और पिता से दादा
यू ही गुज़ार दिए दिन
अब की बार ये काम निपट जाएं
फिर अपने लिए जीने का मजा लेंगे
पर हर रोज नया काम मुँह बाय खड़ा था।
वो हर पल इंतज़ार में गुज़र गया
जिसका अपने जीने के लिए प्लान किया था
बचपन ना जाने कहा चला गया
जवानी भी समय न जाने कब ले गया।
देखता हूँ अब, तो ज़िम्मेदारी कम दिखती है
आंखे अभी भी इंतजार में है, मन उद्वेलित है
आशा की किरण दिखती है, समय ही समय है
पर अब मन घबराता है, सहारा ढूंढता है।
फिर मस्तिष्क से एक आवाज़ आती है, उठो
चल पड़ो उस राह पर, जिस पर चलने का ख़्वाब, पाला था
मान कर बात उसकी, घर से निकल गए
जो पल जी ना सके बचपन में, जवानी में
उसको जीने की चाह ने दे दी हिम्मत।।
दिखाई राह भी, शरीर में फिर से शक्ति लौट आई
डर भाग गया, किसी सहारे की चाह नहीं
फिर से भरपूर ऊर्जा के साथ जीने की चाह जाग उठी
सोचते हुए कि जितने दिन हैं पास हमारे
उनको जी लो न जाने कब शाम हो जाए।
इससे पहले कि अंधियारा छा जाए गहरा
और गहरी, बहुत गहरी नींद आ जाए।।
- दीपक रस्तोगी
शनिवार, 25 जुलाई 2026
अनमना
गुरुवार, 23 जुलाई 2026
तुलसी भीतर तुलसी
आँगन के बीचों-बीच
वह रौंपी गई—
पूरे विधि-विधान से,
मंत्रों के बीच,
आस्था के साथ
सुबह-शाम
उसके आगे दीप जला,
जल चढ़ा,
परिक्रमा हुई—
उसका सम्मान
पूजा में बँधा रहा,
और जीवन
एक गमले में।
स्त्री भी मंत्रों और
सप्तपदी के संस्कारों से सुसज्जित
आती है सुसराल
कहा गया—
“यह घर की लक्ष्मी है…”
दोनों, धूप, वर्षा, सर्दी—
सब सहती रहीं,
कभी शिकायत नहीं की—
क्योंकि बताया गया था उन्हें
कि सहना ही धर्म है।
वह बढ़ना चाहती हैं
थोड़ा और,
थोड़ा फैलकर—
पर उनकी जड़ें
उतनी ही गहरी हुईं
जितनी उस चौखट ने
अनुमति दी।
दोनों को लोग सम्मान तो देते हैं
पर कोई उनकी इच्छा नहीं पूछता कि
क्या वह कभी
स्वतंत्र भी होना चाहती हैं ?
फिर भी—
वह हर सुबह
हरी हो जाती है,
जैसे एक पत्नी—
हर दिन
नए विश्वास के साथ
घर को घर बनाने में जुट जाती है।
- शोभा स्वप्निल
बुधवार, 22 जुलाई 2026
बेटियां
दूर रहकर भी कितने करीब होती हैं बेटियाँ ।
घर भर में होती इनसे रौनक और चहल पहल
सूने - रीते जीवन में रंग भर देती हैं बेटियाँ ।
आँखों की कोरों में छिपे दर्द को छुपा लो भले
आँखों में छिपे दर्द को पढ़ लेती हैं बेटियाँ ।
दुख के बादल जब दिल पर कब्जा जमाने लगते
गीली उदास आंखों में रंग भर देती हैं बेटियाँ ।
परेशानी जब हावी होने लगे मन मस्तिष्क पर
उदास लम्हों को पलभर में छिटक देती हैं बेटियाँ ।
लब पर आये न आये कोई गमे दिल की बात
बिन कहे दिल पर छपे हर्फ़ पढ़ लेती हैं बेटियाँ ।
बुझते चिरागो को जो रोशन कर दे अंजुम
जीवन की ऐसी रूहानी लौ होती हैं बेटियाँ ।
- अंजू खरबंदा
मंगलवार, 21 जुलाई 2026
रेखा
रेखा लंबी हो या छोटी,
शब्दों में हो या चुप्पी ओढ़े,
मन की मिट्टी पर जो खिंच जाए,
वह यूँ ही कब मिटती है?
कागज़ पर जो रेखा दिखती,
भीतर उसकी राह अलग है,
एक सिरा स्मृतियों में अटका,
एक भविष्य की दहलीज़ तक है।
कुछ रेखाएं हाथों में लिखीं,
कुछ आंखों की कोरों पर हैं,
कुछ रिश्तों के बीच उगी हैं,
कुछ अपने ही भीतर बसी।
शब्दों वाली रेखाएं अक्सर
मन मौसम लिख जाती है
अनकहे से संवादों की
सारी धड़कन कह जाती हैं।
रेखा केवल सीमा कब है,
रेखा तो विस्तार भी है,
टूटे मन को जोड़ सके जो,
वह अदृश्य आधार भी है।
कभी किसी की एक लकीर ही
जीवन का आकार बनी,
कभी किसी की लंबी रेखा
भटकन का संसार बनी।
दूरी भी है, डोरी भी है,
रेखा का हर रूप नया,
एक तरफ़ बिखरा अंधियारा,
दूजे छोर खड़ा सवेरा।
इसलिए हर रेखा को केवल
आड़ी-तिरछी मत कहना,
उसमें कोई स्वप्न धड़कता है,
उसमें कोई मन रहता है।
रेखा लंबी हो या छोटी,
माने उसकी लंबाई नहीं
कितना जीवन समेटे बैठी है
असल कहानी तो वहीं।
- नीलिमा शर्मा
सोमवार, 20 जुलाई 2026
कविता/स्त्री की अनसुनी आवाज़
वह घर भी सँभालती है
दफ़्तर भी
फिर भी उसके हिस्से
सवाल ज़्यादा आते हैं
सम्मान कम।
उसकी हँसी पर पहरा है










