शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

प्रतिरोध













नीम तुम क्या हो
महज़ एक पेड़
या गाँव के पुरखे
जो चुपचाप छाँह बाँटते है

तुम्हारी टेढ़ी-मेढ़ी शाखाएँ
उठी रहती हैं आकाश में
किसी तपस्वी की भुजाओं-सी,
मांगती हुई कुशल-मंगल

धरती के लिए,
मनुष्यों के लिए,
उन चिड़ियों के लिए भी
जो हर शाम
तुम्हारी देह में लौट आती हैं
अपने छोटे-छोटे भय समेटे

जेठ जब
खेतों में आग उगलता है 
पगडंडियाँ चाह कर भी 
जलते तलुवों को सहला नहीं पातीं
तब तुम
अपने भीतर का सारा हरापन
धीरे-धीरे उड़ेल देते हो
थके-हारे किसान पर 

तुम्हारी छाँह में
औरतें
घड़ों का बोझ उतार
दो पल पीठ सीधी कर लेती हैं 
मिट्टी में खेलते बच्चे 
राजा बनते हैं, फकीर बनते हैं।

तुम्हारी कड़वी पत्तियों में
न जाने कैसी मिठास छिपी है
कि दादी
हर रोग का पहला इलाज
तुम्हीं में खोजती थी 
बुखार से तपते माथे पर
तुम्हारा स्पर्श रख देती
और सचमुच
रात कुछ कम जलती थी

बरसों से
तुम चौपाल के किनारे खड़े हो
गाँव के सारे सुख-दुख के
मूक गवाह
तुम्हारी डालियों में
अब भी अटके  हैं
कुशल-मंगल के कितने ही गीत
तुम्हारे इर्द-गिर्द 
न जाने कितनी मन्नतें 
लिपटी हुई हैं धागे बन कर
गाँव की हर बेटी की बिदाई में 
तुम भी रोए होंगे चुपचाप पिता संग

तुमने देखा होगा
गांव को धीरे-धीरे बदलते
बैलगाड़ियों की रुनझुन को
मोटरों के शोर में डूबते हुए 
चिट्ठियों की स्याही को
मोबाइल की चमक में फीका पड़ते

नीम,
तुम सचमुच पेड़ भर नहीं हो
तुम गाँव का प्रतिरोध हो
सूखती नदियों के विरुद्ध 
उजड़ते घरों के विरुद्ध 
धरती को बिसराये इंसान के विरुद्ध 

जानते हो तुम 
जब भी दुनिया
बहुत निष्ठुर, बहुत कठोर लगती है
तब मन करता है कि
तुम्हारी छाल से पीठ टिकाकर
थोड़ी देर बैठूँ
और सीखूँ
कड़वाहट के भीतर भी
कैसे बचाए रखी जाती है
इतनी गहरी करुणा।

           - संदीप भटनागर

बुधवार, 26 अगस्त 2026

वापसी की राहें









शाम को लौटती राहों के पंछी 
मेरे आंगन में उतरते हैं 
मैंने बिखराये दाने 
जल्दी-जल्दी 
चुगकर उड़ जाते हैं 
सब कुछ एक अनुशासन में...

परसों मैने 
दानों भरी हथेली आगे की 
पहले बार पंछी बौराये 
जैसे भीगे हों 
पंख झाड़कर उड़ गये... 

कल झुंड इघर नहीं आया 
आज भी नहीं
दाने आंगन भर बिखेर कर 
मैं पंख झड़े सा सुन्न बदहवास...

इतने दिन मैं कैसे तृप्त था 
पंछियो की वापसी की राहें 
मेरे आंगन से गुजरती हैं
इस भ्रम में...

               - कपूर वासनिक

सोमवार, 24 अगस्त 2026

रास्ते और मैं








रास्ते

आगे-पीछे, दाएँ-बाएँ

जाल बिछाए खड़े हैं,

सर्विस रोड, बायपास, अंडरपास,

हर ओर बस धुँधले पड़ते निशान।


मैं ढूँढती हूँ अपनी गली,

अपने आँगन की मिट्टी की खुशबू,

पर सड़कों के नाम बदल गए हैं,

इमारतें ऊँची हो गई हैं,

और मकड़जाल में उलझी मैं

बस भटकती रह जाती हूँ।


हर मोड़ पर रुकती हूँ,

हर संकेत को पढ़ने की कोशिश करती हूँ,

पर दिशाएँ धुंधली हैं,

चेहरे अजनबी हैं,

और मेरी पहचान

कहीं खो गई है इन रास्तों में।


पर लड़की हूँ न

सीख गई हूँ 

रास्तों से टकराकर भी

खुद को समेटना

सीख गई हूँ अजनबी गलियों में भी

अपने होने का सबूत छोड़ना


मैं रास्ता नहीं हूँ

पर अब 

रास्ते मुझसे डरते हैं

क्योंकि मैं गुम नहीं होती

खुद को खोज लेती हूँ

हर बार, हर मोड़ पर


              - डॉ. यशोधरा भटनागर

शनिवार, 22 अगस्त 2026

गिलहरी









रहती है मेरे घर के पीछे

बाग़ के एक दरख़्त पर

उछलती, कूदती, फरफराती

एक डाल से दूसरी पर

बंदरिया-सी छलांग लगाती

ये मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

इस देश के गोरे नागरिकों की

करती है नकल

अपनी फ़रदार पूंछ को हिलाती है

अलग अलग दिशा में नचाती है

चेहरे पर रोब लाए

करती है प्रदर्शन

अपनी अमीरी का 

अपनी सुन्दरता का

हां, ये मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

अपने आगे के पैरों को देती है

हाथों-सी शक्ल और वैसा ही काम

कुतरती है सेब 

मेरे ही बाग़ के

ऐंठती हुई करती है अठखेलियां

पेड़ों से टकराती ब्यार से

उफ़! ये मेरे बाग़ की गिलहरी।

 

जब जी चाहे पहुंच जाती है

मेरे ज़ीने पर, मेरे स्टोर में

कुतर डालती है, दिखाई देता है जो भी

मैं बस सुनता हूं आवाज़ें

घबराता हूँ

मांगता हूं दुआ

पुस्तकों की ख़ैरियत की...

मुझे भक्त बना देती है

ये जो है मेरे बाग़ की गिलहरी।

 

एक दिन सपने में मेरे आ खड़ी होती है

चेहरे पर दंभ, रूप से सराबोर

गदराया बदन

दबी मुस्कुराहट

आज आने वाली है उससे मिलने

उसकी दूर की एक रिश्तेदार

उस शहर से जहां बीता था मेरा बचपन

हाँ, वो भी तो एक गिलहरी ही है।

 

ग़रीबी के बोझ से दबी

सिमटी, सकुचाई, शरमाई

अपने सलोने रंग से सन्तुष्ट

संग लाई है अपने अमरूद

बस वही ला सकती थी

महक मेरे शहर की मिट्टी की

पाता हूँ वही महक कभी अमरूद में

तो कभी उसमे जो मेरे शहर की गिलहरी है।

 

मेरे बाग़ की गिलहरी को नहीं भाती

गंवई महक अमरूद की

या फिर

मेरे शहर की मिट्टी की वो गंध

जो मेरे शहर की गिलहरी ले आई है

अपने साथ

अपने शरीर अपनी सांसों में

वह रखती है अपनी मेहमान के सामने

केक, चीज़ और ड्राई फ़्रूट

कितनी भी खा ले

पूरी है छूट

कितने बड़े दिल की मालकिन है

वो जो मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

मेरे शहर की गिलहरी सीधी है सादी सी

निकट है प्रकृति के

सरल और मासूम

बस खाती है पेड़ों के फल

कैसे पचाए केक, चीज़ और ड्राई-फ़्रूट

देखती है, मुस्कुराती है, पूछती है हाल

अपनी मेज़बान के, उसके परिवार के

परिवार यहां नहीं होता, 

सब रहते हैं अलग अलग

यह मस्त देश है

ऊंचे कुल की दिखती है वो

जो मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

सुनो... तुम यह सब नहीं खाती हो

इसी लिये सेहत नहीं बना पाती हो

मुझे देखो, कितना ख़ूबसूरत देश है मेरा

कैसा है मेरा स्वरूप, रंग रूप.. देखो

मेरे बाग़ में कितने सुन्दर पेड़ हैं

रंग-बिरंगी पत्तियों वाले पौधे

यहां का हरा रंग कितना गहरा है

यहीं आ बसो, यहां है कितना सुख

कितनी शान, मौज है मस्ती है

आत्ममुग्ध हो जाती है

जो मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

चुप नहीं हो पाती है

जारी है बोलना उसका और इठलाना

मेरे देश में इन्सान से अधिक

होती है परवाह हमारी

यही है वो देश जहां कभी

अस्त नहीं होता था सूर्य

जब कभी उदय होता है पूर्व में

तब भी चमकता है 

मेरा यह पश्चिम का देश

और चमकने लगता है चेहरा

मेरे बाग़ की गिलहरी का।

 

शांत किन्तु दृढ़ आवाज़ में

देती है जवाब

गिलहरी मेरे शहर की

माना कि तुम हो बहुत सुन्दर और सुगठित

धन और धान्य से भरपूर है शहर तुम्हारा

तुम्हारे देश में हैं सुख, सुविधाएं और आराम

देखो मेरी ओर

देखो मेरे इस साधारण बदन को

यह तीन उंगलियां जिसकी हैं

उसका नाम है राम 

इस तरह देती है सुख

मुझे असीम

वो जो मेरे शहर की गिलहरी है!


                     -  तेजेन्द्र शर्मा

 

 

गुरुवार, 20 अगस्त 2026

पुकारते हैं सीगल









किसी फिलिस्तीनी बच्चे से 
पुकारते हैं सीगल! 

कभी किसी ऐसी ख़ाली इतवार को
जब सूनी सी होती है वह ख़ास सड़क
जिससे बस लेने की 
सोच कर खड़े होते हैं आप 
और कोई नहीं होता बस स्टॉप पर 
तो अचानक सामने की इमारत पर
किसी मित्र सा 
किसी हितैषी सा
चिल्ला उठता है कोई एक अकेला सीगल! 
ऐसी आवाज़ में जो 
क्या ही मेरी हो सकती थी?
जब मैं चिल्लाना चाहती हूँ पुरज़ोर
कि आखिर क्यों हर शख़्स परेशान है नाहक 
यों ही तुलनाओं के जाल में फंसा हुआ
और क्यों हर बात को तोड़
और तोड़ कर इस तरह 
कर दिया जाता है गणित 
कि जैसे सोने के किसी 
पुश्तैनी बाघ मुँह कंगन को पिघला-पिघला कर
बनाए जायें केवल क्रय 
विक्रय के सिक्के!

सीगल सिक्के नहीं खाते
हम भी नहीं खाते सिक्के 
हमें बड़ा गर्व है कि पक्षियों, जानवरों की तरह भोजन 
भ्रमण से इतर है हमारा जीवन बड़ा
बड़े प्रयोजनों के लिए 
जबकि यश और ऐश्वर्य से परे 
क्या है मनुष्य रचित सारे चक्रों-कुचक्रों का लक्ष्य 
समस्या कि 
सिक्के से खरीदी जाने वाली 
चीजों के अम्बार में खोया यह समय
कहाँ देख पाता है उससे परे कुछ! 
और क्यों सिक्का? 
सोने के बिस्किट सरीखे पैसे की दौड़ का यह समय 
कभी नहीं सुनता
सुन पाता है 
फिलिस्तीनी बच्चों की पुकार 
अथवा पक्षियों की?
नदियों की? 

इस समय के पास 
मनुष्यता की किसी कराह को सुनने का समय नहीं!
समय नहीं किसी मूल्य के लिए 
इस समय के पास खुद अपने लिए समय नहीं है 
वह थम कर 
अपनी बेड़ियों को देख सके!

सोने के कंगन की क्यों?
सोने से मन की बात करें !
उसे झोंक दिया जाता है युद्ध और बाज़ार में! 
क्या जवाब है कला के पास 
कि वह कितनी आज़ाद है बाज़ार से?
कितना खड़ी है उसकी मुख़ालफ़त में? 
ऐसे तमाम जवाबों की प्रतीक्षा में खड़े सुनिये
वो पुकार रहा है सीगल
कैसी विकल आवाज़ में 
कि जाने किस बिछड़ी याद को 
किस बिछड़े लम्हे, दोस्त, 
नदी सागर को पुकार रहा है सीगल!
बनकर इन सब की आवाज़!
सुनिये, पुकार रहा है सीगल!

शहर पर तिरती है सीगल की आवाज़! 
बम का साइरन नहीं 
गाड़ी का हॉर्न नहीं
ऐम्बुलेंस की चीख नहीं
पुलिस की गाड़ी का अलार्म नहीं
वह इस सबकुछ को बचा लेने की आवाज़ है 
जो सबसे कीमती है इस शहर में!
सुनिये पुकार रहा है सीगल !

सागर पर दूर तक तिरती है उसकी आवाज़! 
कुछ लहराता है ज़्यादा समुद्र उसकी आवाज़ पर ! 
लेकिन शहर !
शहर चलता है अपनी चाल! 

पल भर के लिए सुनो किस तरह 
फिलिस्तीनी बच्चे सा विकल विह्वल पुकार रहा है सीगल!

                                                   -पंखुरी सिन्हा

मंगलवार, 18 अगस्त 2026

स्मार्ट फ़ोन









मैं सफ़र में था


हसीन लोग

हसीन  नज़ारे

कब मेरे क़रीब से गुज़र गए

मुझे पता ही न चला


इधर-- उधर देखने की

फुर्सत ही  कहाँ थी

सारे सफ़र

मैं तो गड़ाए था उसी में नजरें


मेरे  खूबसूरत पलों का दुश्मन

आजकल मेरे हाथ में रहता है !

  

                   - सुभाष नीरव


रविवार, 16 अगस्त 2026

दूसरी तिथि









जीवन में 

दो ही तिथियां

होती हैं

सबसे महत्वपूर्ण

एक... बर्थडे वाली 

और दूसरी 

जिस दिन गिरना होता है 

जीवन-नाटक का पर्दा...


पहली...

हम हर साल मनाते हैं...

लेकिन

दूसरी का 

नहीं होता किसी को पता.. 

वैसे हर साल गुज़रते हैं..

इसके ऊपर से बिना जाने 

कि यही है वो

'राउंड-फिगर' रह जाते हैं.. 

जिस दिन.. 

बाक़ी के बचे साल..


जब चला जाता है कोई.. 

तभी पता चलता है इसका.. 

कि यही थी वो...

पहले भी हर साल आई थी... 

बाद में भी हर साल आयेगी...।


                   - डॉ. राजेन्द्र साहिल 


शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

असली जीत









जब गाली कोई देता है

बदले में चुप रह जाता हूँ

तब कायर मुझको लोग समझने लगते हैं..


पर मुझे पता है 

गाली मैं भी दे दूंगा

तो जीत सामने वाले की हो जायेगी

मैं भी उसके जैसा ही

कीचड़ में लथपथ हो जाऊंगा...


इसलिये

कभी जब कोई गुस्सा होता है

मैं बदले में देकर मीठी मुस्कान

आग में पानी डाला करता हूँ...


जो अपने गुस्से की ज्वाला में

मुझे जलाने वाला था

वह आग बुझाते ही मेरे

स्वयं पर शर्मिंदा होने लगता है...


धुलने लगता जब मैल

साफ-सुथरा वह होने लगता है

तब मुझको अपनी जीत दिखाई पड़ती है।


                          - हेमधर शर्मा



बुधवार, 12 अगस्त 2026

अनुत्तरित प्रश्न...








वे न कटते तो क्या करते बेचारे

वे खुद ही सूखे या सुखाये गये

यह प्रश्न अनुत्तरित सा मुँह बाए खड़ा

ठूंठ बन कर खड़े रहना, गर्मी सर्दी सहना

उन्हें कैसे भाता। 


समर्पण कर दिया होगा

इसीलिए कट फट जाने के लिए

आरी गर्दन पर आते ही

कितना तड़फड़ाए होंगे

बीते दिनों को याद कर 

बिलबिलाये होंगे। 


पतझड़ी मौसम में, किंचित

कष्ट आता था

किन्तु बसन्त का आगमन

चेतना जगाता था। 


विषैली मानसिकता वालों ने

जबरिया विष पान को मजबूर किया होगा

और हँसते, खिलखिलाते

विष पान कर गये बेचारे। 


अपना अन्त जानते थे

वे मूक प्राणी 

किन्तु सह गये चुपचाप

धनाढ्यों को और धनाढ्य

बनाने के लिए। 


कर गये बलिदान अपना 

बलिवेदी न चढते, तो क्या करते बेचारे।


                     -   रमेश माहेश्वरी 'राजहंस'

सोमवार, 10 अगस्त 2026

आधा सच








आधी आबादी का 

आधा सच 

परंपराओं,

भावनाओं, 

दिखावे की 

कई – कई परतों में 

छिपा है,

धँसा है 

इतना गहरे 

कि 

प्रयास करो कितना 

फिर भी 

गंगा की  

बालू में 

धँसते पैर की तरह 

जाता है नीचे 

और नीचे 

निकल ही नहीं पाता 

क्योंकि 

जबरन दबाया जाता है 

कभी पुरुष अहंकार से 

तो कभी 

स्त्री द्वारा स्वयं 

दिखाने को 

सब कुछ ठीक – ठाक 

कितनी झूठी है जिंदगी 

एक औरत की!

             - डॉ.ऋचा शर्मा

शनिवार, 8 अगस्त 2026

दो दुनिया में (नवगीत)

 







एक समय में

अलग-अलग हम 

दो दुनिया में जीते 

अपना जूड़ा 

बांध रही मैं 

तुम जूते के फीते ..!!


तुम अपनी 

दुनिया में जीते

मैं अपनी दुनिया में 

नजर चुराते हैं 

दोनों जब

दोष दिखे गुनिया में..!!


पृथक-पृथक 

दोनों के संकट

रहते कहां सुभीते..


देहरी के उस पार तुम्हारी 

बात हवाएं कहती 

वही हवाएं 

मुझको अक्सर 

जीभ चिढ़ाती रहती.. 


मन के बर्तन

भरे-भरे से 

पनघट रीते-रीते!!


         - डॉ मौसमी परिहार 

गुरुवार, 6 अगस्त 2026

पुनरावृत्ति विचारों की









क्यों दोहराया जाता है

बार-बार इतिहास यहाँ?

जहाँ कल था

आज भी है खड़ा वहाँ

अपनी ही परछाइयों के बीच।


न बदली है मानसिकता

न बदले हैं विचार

न ही बदलेगा ये समाज 

बस समय के कैलेंडर पर

तारीखें बदलती रहती हैं।


मोड़ आज़ भी वही हैं 

जहाँ सभ्यता कल ठिठकी थी

आज़ चेहरे नए हैं

मगर किरदार तो वही पुराने।


अब भी जारी है

गिल्ली-डंडे-सा, शतरंजी खेल

जहाँ रिश्ते मोहरे बनते हैं

स्वार्थ नियम-कायदे लिखता है।


बदल जाती हैं कुछ सूरतें 

सीरत तो वही रहती है 

आखिर किसे दोष दें?

व्यक्ति को, व्यवस्था को

या उस मौन को

जो हर अन्याय पर

आँखें मूँद लेता है?


इतिहास स्वयं को नहीं दोहराता,

हम अपनी भूलों को दोहराते हैं।

जब तक सोच नहीं बदलेगी 

बीता हुआ कल ही

प्रतिरूप बनकर लौटता रहेगा।

                  — निरुपमा सिंह

मंगलवार, 4 अगस्त 2026

सावन पर ज़ुकाम का इल्ज़ाम धर दिया













मुहब्बत पर उठते सवालों को क्या कहिए 

दिलों में भरे हो जब गुबार नफ़रतों के।


चांदनी रात में बादलों से गिला क्या करिए

अंधेरो मे हवाओं ने अक़्सर चराग़ बुझाए हैं।


नदी की तो आदत सरल और खामोश बहना 

बारिशों ने उसपर सैलाब का इल्ज़ाम धर दिया।


फूलों का तो काम चमन में ख़ुशबू है बिखेरना 

भंवरो ने ही उसको मुहब्बत का पैग़ाम दिया है।


दिलों की ख़्वाहिश को ज़माने में बयां क्या करिए 

महफ़िल ने चर्चाओ का बाज़ार सज़ा दिया।


खुशियों मे ज़रा ज़माने को शामिल क्या करिए 

ज़ख्मों को कुरेदकर ज़माना नमक भर गया।


रिमझिम फुहारों से भीगने की बात क्या कहिए 

सावन पर ज़ुकाम का इल्ज़ाम धर दिया।


                                    - स्वतन्त्र वीर सिंह 


सोमवार, 3 अगस्त 2026

दोहे

 








जैसी दृष्टि आपकी, 

           वही दिखे संसार l

क्रोध ललायी आँख को,

       फूल दिखे अंगार ll


प्रकट होय उन्माद से,

      विलोपन ग्लानि देय  l

क्रोध सकल इंसान की,

    मति, विवेक हर लेय ll


दिल भावों का दरिया है,

       मुख है शब्दागार  l

मन का मौसम बांचते,

        परकट हुये विचार ll


निभे न रिश्ते मय जहाँ,

         मय रहता या मान l

मय यम का दरबार है,

     मय मरघट शमशान ll


कुछ कहें उससे पहले,

         शब्दों को लें तोल l

रुचिकर पशु को भी नही,

    कड़वे, कर्कश बोल ll


कान हवाई बात पे,

      विवेक न करें  प्रयोग l

बहुदा खोते मित्र को,

      कानों कच्चे लोग ll


      - ओम प्रकाश परमार