किसी फिलिस्तीनी बच्चे से
पुकारते हैं सीगल!
कभी किसी ऐसी ख़ाली इतवार को
जब सूनी सी होती है वह ख़ास सड़क
जिससे बस लेने की
सोच कर खड़े होते हैं आप
और कोई नहीं होता बस स्टॉप पर
तो अचानक सामने की इमारत पर
किसी मित्र सा
किसी हितैषी सा
चिल्ला उठता है कोई एक अकेला सीगल!
ऐसी आवाज़ में जो
क्या ही मेरी हो सकती थी?
जब मैं चिल्लाना चाहती हूँ पुरज़ोर
कि आखिर क्यों हर शख़्स परेशान है नाहक
यों ही तुलनाओं के जाल में फंसा हुआ
और क्यों हर बात को तोड़
और तोड़ कर इस तरह
कर दिया जाता है गणित
कि जैसे सोने के किसी
पुश्तैनी बाघ मुँह कंगन को पिघला-पिघला कर
बनाए जायें केवल क्रय
विक्रय के सिक्के!
सीगल सिक्के नहीं खाते
हम भी नहीं खाते सिक्के
हमें बड़ा गर्व है कि पक्षियों, जानवरों की तरह भोजन
भ्रमण से इतर है हमारा जीवन बड़ा
बड़े प्रयोजनों के लिए
जबकि यश और ऐश्वर्य से परे
क्या है मनुष्य रचित सारे चक्रों-कुचक्रों का लक्ष्य
समस्या कि
सिक्के से खरीदी जाने वाली
चीजों के अम्बार में खोया यह समय
कहाँ देख पाता है उससे परे कुछ!
और क्यों सिक्का?
सोने के बिस्किट सरीखे पैसे की दौड़ का यह समय
कभी नहीं सुनता
सुन पाता है
फिलिस्तीनी बच्चों की पुकार
अथवा पक्षियों की?
नदियों की?
इस समय के पास
मनुष्यता की किसी कराह को सुनने का समय नहीं!
समय नहीं किसी मूल्य के लिए
इस समय के पास खुद अपने लिए समय नहीं है
वह थम कर
अपनी बेड़ियों को देख सके!
सोने के कंगन की क्यों?
सोने से मन की बात करें !
उसे झोंक दिया जाता है युद्ध और बाज़ार में!
क्या जवाब है कला के पास
कि वह कितनी आज़ाद है बाज़ार से?
कितना खड़ी है उसकी मुख़ालफ़त में?
ऐसे तमाम जवाबों की प्रतीक्षा में खड़े सुनिये
वो पुकार रहा है सीगल
कैसी विकल आवाज़ में
कि जाने किस बिछड़ी याद को
किस बिछड़े लम्हे, दोस्त,
नदी सागर को पुकार रहा है सीगल!
बनकर इन सब की आवाज़!
सुनिये, पुकार रहा है सीगल!
शहर पर तिरती है सीगल की आवाज़!
बम का साइरन नहीं
गाड़ी का हॉर्न नहीं
ऐम्बुलेंस की चीख नहीं
पुलिस की गाड़ी का अलार्म नहीं
वह इस सबकुछ को बचा लेने की आवाज़ है
जो सबसे कीमती है इस शहर में!
सुनिये पुकार रहा है सीगल !
सागर पर दूर तक तिरती है उसकी आवाज़!
कुछ लहराता है ज़्यादा समुद्र उसकी आवाज़ पर !
लेकिन शहर !
शहर चलता है अपनी चाल!
पल भर के लिए सुनो किस तरह
फिलिस्तीनी बच्चे सा विकल विह्वल पुकार रहा है सीगल!
-पंखुरी सिन्हा

एक सीगल की आवाज़ इतनी पुरसकून इतनी आश्वस्ति भरी हो सकती है कि उसमें फिलिस्तीनी बच्चे की पुकार सुनाई दे यह कविता का जादू है। सीगल की आवाज़ और युध्दग्रस्त ज़मीन से बच्चे की पुकार जहाँ बच्चे बचे ही नहीं हैं, हमारी पूरी दुनिया और और क्रूर बाज़ार समय की परख करती यह कविता एक व्यापक विचार की कविता बन गई है। पांखुरी या पंखुड़ी को हार्दिक बधाई, जितेंद्र जीतू को प्रस्तुति के लिए साधुवाद।
जवाब देंहटाएं