शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

प्रतिरोध













नीम तुम क्या हो
महज़ एक पेड़
या गाँव के पुरखे
जो चुपचाप छाँह बाँटते है

तुम्हारी टेढ़ी-मेढ़ी शाखाएँ
उठी रहती हैं आकाश में
किसी तपस्वी की भुजाओं-सी,
मांगती हुई कुशल-मंगल

धरती के लिए,
मनुष्यों के लिए,
उन चिड़ियों के लिए भी
जो हर शाम
तुम्हारी देह में लौट आती हैं
अपने छोटे-छोटे भय समेटे

जेठ जब
खेतों में आग उगलता है 
पगडंडियाँ चाह कर भी 
जलते तलुवों को सहला नहीं पातीं
तब तुम
अपने भीतर का सारा हरापन
धीरे-धीरे उड़ेल देते हो
थके-हारे किसान पर 

तुम्हारी छाँह में
औरतें
घड़ों का बोझ उतार
दो पल पीठ सीधी कर लेती हैं 
मिट्टी में खेलते बच्चे 
राजा बनते हैं, फकीर बनते हैं।

तुम्हारी कड़वी पत्तियों में
न जाने कैसी मिठास छिपी है
कि दादी
हर रोग का पहला इलाज
तुम्हीं में खोजती थी 
बुखार से तपते माथे पर
तुम्हारा स्पर्श रख देती
और सचमुच
रात कुछ कम जलती थी

बरसों से
तुम चौपाल के किनारे खड़े हो
गाँव के सारे सुख-दुख के
मूक गवाह
तुम्हारी डालियों में
अब भी अटके  हैं
कुशल-मंगल के कितने ही गीत
तुम्हारे इर्द-गिर्द 
न जाने कितनी मन्नतें 
लिपटी हुई हैं धागे बन कर
गाँव की हर बेटी की बिदाई में 
तुम भी रोए होंगे चुपचाप पिता संग

तुमने देखा होगा
गांव को धीरे-धीरे बदलते
बैलगाड़ियों की रुनझुन को
मोटरों के शोर में डूबते हुए 
चिट्ठियों की स्याही को
मोबाइल की चमक में फीका पड़ते

नीम,
तुम सचमुच पेड़ भर नहीं हो
तुम गाँव का प्रतिरोध हो
सूखती नदियों के विरुद्ध 
उजड़ते घरों के विरुद्ध 
धरती को बिसराये इंसान के विरुद्ध 

जानते हो तुम 
जब भी दुनिया
बहुत निष्ठुर, बहुत कठोर लगती है
तब मन करता है कि
तुम्हारी छाल से पीठ टिकाकर
थोड़ी देर बैठूँ
और सीखूँ
कड़वाहट के भीतर भी
कैसे बचाए रखी जाती है
इतनी गहरी करुणा।

           - संदीप भटनागर

4 टिप्‍पणियां:

  1. सार्थक अभिव्यक्ति के लिए हार्दिक बधाई संदीप जी।
    विभा रश्मि

    जवाब देंहटाएं
  2. इस टिप्पणी को लेखक द्वारा हटा दिया गया है.

    जवाब देंहटाएं
  3. नीम के पेड़ का बड़ा सटीक विश्लेषण किया है।जब भी बचपन में गांव में जाते थे तो काफी समय नीम के पेड़ के नीचे ही मस्ती होती थी। भटनागर जी को बहुत बहुत बधाई।

    जवाब देंहटाएं