सोमवार, 28 सितंबर 2026

निष्ठुर मृत्यु है अटल मगर









अधरों पर जलते अंगारे
मन में कुविचार कुटिल सारे
सम्बन्ध मिले अनुबन्धों के
फिर भी सब दिल से स्वीकारे।
 
पुण्य की श्वेत पताकाएँ
कर्मों की प्रबल शलाकाएँ
है अटल विधि का लेख अमिट
मगर जीवन पथ पर संयम धारे।
 
है सरल नहीं फिर भी चलना,
तपना,दहना,जलना,गलना
खोटे सिक्कों की मिली टकसाल, 
सांचों में ढलता जा रे।

शत शत अवरोधक पार किए, 
शत-शत पीड़ाएँ लिए जिए
शीतल अंगार बना पथ का
अनवरत यूँ ही चलता जा रे।

भू के काँटों की सेज सजा
नभ की उल्काएँ ओढ़ मगर
तम दूर न हो कुछ कम होगा
बन कर दीपक जलता जा रे।

निष्ठुर मृत्यु है अटल मगर
जी ले जीवन का हर पल 
अमरत्व चाह की थाह नहीं
हर पल खुद को छलता जा रे।
  
                   - मनोरंजन शर्मा

शनिवार, 19 सितंबर 2026

काश! मैं भी...

 


बचपन में,
किवाड़ के बीच में अंगुली भिंच जाने पर,
जब मैं रोता था जार-जार,
माँ किस तेजी से
मेरी चोटिल अंगुली को
मुँह में रखकर चूसने लगती थी;
भले ही, कितने ही गंदले हों मेरे हाथ, 
या जूठन में सनी हों
मेरी अंगुलियाँ;

मगर माँ थी कि
चूस लेती थी हर पीड़ा,
चमकीली चिट्टी हो जाती थी
दर्दभरी अंगुली;

इसी तरह जिंदगी-भर
जब-जब भी दुख के किवाड़ों में
भिंची मेरी अंगुलियाँ,
मेरा मन, मेरा तन,
चूसती रही माँ
मेरी हर पीड़ा, मेरा हर दर्द, मुस्कुराकर;
 
काश ! मैं भी..
माँ के मुस्कुराते चेहरे पर 
झुर्रियों का आकार लेती
उसकी पीड़ा को पहचान पाता,
उसकी उंगलियों को चूमकर
कम कर पाता
उसकी कोई एक पीड़ा।

                    - मनोज अबोध
 

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

एक दिन...









एक दिन ऐसा भी आएगा
जब सब कुछ बदल चुका होगा

वो सब जो युगों से नही बदला 
जो सालों से जंग लगे समान की तरह पड़ा है 
किसी खंडहर सा दिखता
बेरौनक, बेमकसद

उन लोगों की तरह भी
जो जिंदा होते हुए भी जिंदगी नही जी रहे होते हैं

वो भी जंग लगे सामानों की तरह पड़े रहते हैं
बिना हिले-डुले

कल्पना और हकीकत से परे 
इनकी दुनिया में एक अजीब सा खालीपन होता है 
जिसमे कोई रंग नहीं चढ़ता 
बेरंग और बेनूर

मगर तब भी एक आस बनी रहती है

एक दिन सब कुछ बदल जाने की 
खंडहर हो चुके 
इंसान के वापसी की

                            - आरती ठाकुर

बुधवार, 9 सितंबर 2026

पिता कभी कुछ नहीं कहते









वह शांत रहते है

कुछ नहीं कहते

जब पूछता हूँ तो कहते है कि अभी भी

विकासशील देश में

विकास की बातें हैरान करने वाली है

मैं शांत रहता हूँ

देखता हूँ कि उन्होंने

कितना लम्बा सफर किया है

कहते है कि सरकार ये करने वाली है

वोह करने वाली है

मैं कहता हूँ कि आप घोषणाओं में न आए

केवल और केवल

वे टीवी सीरियल्स देखें जिसमें आनंद और खुशियों भरा संसार हो

आज जो भी घटित हो रहा है

उससे न केवल ब्लडप्रेशर बढ़ता है

बल्कि खून भी नसों में अपेक्षाकृत तेज दौड़ता है

मानो वह भी गोल्ड मैडल लेकर ही दम लेगा

जबकि मामला ज़रा अलग है

कहीं पानी का भराव है

कहीं हाहाकार है।

कहीं खाने की अति है तो कहीं एक भी दाना मयस्सर नहीं

अजब हाल है

करोड़पतियों,अरबपतियों की बेशुमार लिस्ट है जो बढ़ती जा रही है

उनसे कहीँ ज्यादा गरीबों की लिस्ट

लगता है दोनों अपने स्तर को मेंटेन रखने का प्रयास कर रहे हैं

उनका प्रयास सराहनीय है

पिता जी आखिर पिता हैं

समाजिक सरोकार से जुड़े हैं

किताबों को पढ़ते हैं

लोगों को भी

वे अनुभवी हैं

समय बहुत कुछ सिखा देता है

सोचता हूँ वे पिता, जो किसी गांव में रहते हैं

वे पिता, जो दिहाड़ी मजदूर हैं

वे पिता, जो आज भी किसी लाल बत्ती पर अगरबत्तियों को बेचते हैं

वे पिता जो सर पर ईंटों को रख कर पांचवी मंजिल पर रख कर आ आते हैं

बिना किसी नानुकुर के

वे सभी पिता कितने सहनशील हैं

जो आज भी अपने परिवार के लिए

उनके सुख

उनके दुख के लिए

कितने प्रयत्नशील हैं

कितने समर्पित हैं

पिता जो शहर में रहते हैं

पिता जो किसी के भी हैं

मैं आज भी उनसे मिलता हूँ

उनका हाल-चाल पूछता हूँ

उनके सुख

उनके दुख की बात करता हूँ

अपने बूते, कुछ उनके लिए कर पाऊं, पूछता हूँ

वे कभी कुछ नहीं कहते

उलटे मुझ से कहते हैं

खुश रहो बेटा

खुश रहो

सच बताऊं, वे पल किसी पुरुस्कार से कम नहीं लगते

सच में

नहीं जाना चाहता आज मैं किसी ऊंचे पहाड़ पर बने

किसी भी मंदिर में

मैं मिलना चाहता हूँ हर उस पिता से

जो कभी कुछ नहीं कहते

वे पिता जो अक्सर चुप रहते हैं

जिन्होंने इच्छा होते हुए भी कभी केक की मांग नहीं की

कढ़ी का मन होते हुए भी तुरई चुपचाप खा ली

वे खामोश रहते हैं

पर मैं चाहता हूँ कि हर पिता कुछ अपने मन की कहे

अपनों से कहे

खुल कर कहे

कहने से प्रकृति मुस्कराती है

जिंदगी खिलखिलाती है

अच्छा लगता है

आप भी 

यदि किसी पिता से मिलिए

दिल से मिलिए

देखना दिल और दिमाग एक साथ मिलने से

जिंदगी को

कैसे खुशहाल बनाते हैं

अनुभव की बात

भीतर से आई

सच्ची मैंने खुद से कहा

मुच्ची न जाने किस ने कहा

देखा है

अब पिताजी मुस्कुराने लगे हैं

कढ़ी चावल का असर हुआ है

हास्य धारावाहिकों का भी तो

आखिर सहायक क्रियाएं जीवन को

अपेक्षाकृत सरल तो बनाती हैं

ये सच ही नहीं प्रामाणिक भी हैं।

                 - लालित्य ललित