बुधवार, 11 नवंबर 2026

या देवी..

 













1

सृष्टि की अतल आंखों में 

फिर उतरा है शक्ति का अनंत राग 

धूम्र गंध के आवक स्वप्न रचती  

फिर लौट आई है देवी  

रंग और ध्वनि का निरंजन नाद बनकर 

लेकिन अभी टूटी नहीं है धरती की नींद 

इसलिए जागेगी देवी अहोरात्र...


2

पूरब में शुरू होते ही 

दिन का अनुष्ठान 

जाग उठी हैं सैकड़ों देवियां 

एक-साथ

ये देवियां जानती हैं कि 

थोड़ी देर में जागेगा घर

जागेंगी आवाज़ें 

जागेगी भूख 

इसलिए हवा में घोलकर धूम्र गंध 

झोंक दिया है शक्ति ने 

अपना एक अंश 

चूल्हे में... 


3

हवा के षडज और पञ्चम के बीच

समय के रिक्त घट में 

भरने आस्था का जल 

काल पुरुष के कंधों पर सवार हो 

एक देवी निकली है अभी-अभी 

सोनगाछी की गलियों से

जलभरे नेत्र देखते हैं 

देवी को जाते हुए 

पृथ्वी के एक सिरे से, दूसरे सिरे की ओर

अवसन्न हैं हुगली के मंत्रपूरित रास्ते,

अब शायद जल ही समझेगा 

जल का भार


4

चैतिया दोपहर की तीखी धूप में 

जमुना के घाट पर 

गूंजा है एक आर्तनाद अभी-अभी

आज फिर कोई

केशहीना देवी करेगी संहार 

और धवल हो आए अपने श्वेत-वसन को भिगोती

डब-डब आंखों से 

नाप लेगी 

समय की वो तमाम चूलें

जिससे न पशुता छूटी है 

और न देवत्व   


5

जो कल तक देवी थी,

आज धोकर अपना तीसरा नेत्र

पैदल नाप रही है काठमांडू के रास्ते, 

धर्म कहता है 

क्योंकि अब वो कुमारी नहीं रही 

इसलिए अब देवी भी नहीं रही

लेकिन ये बात धर्म नहीं 

देवी ही जानती है  

कि जैसे सहज नहीं

मनुष्य होकर देवत्व की परिधि में जीना

वैसे ही सहज नहीं 

देवत्व की परिधि को लांघकर 

मनुष्यत्व की ओर लौटना…  


              - उपमा ऋचा

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

अनकहा









उस एक साँस में

जाने क्या कह गए तुम

हवाएँ ठिठक गईं

जैसे किसी ने 

क्षण भर के लिए 

उन्हें बाँध दिया हो।


चलते-चलते

कदम रुक गए

ज्यों घड़ी की सुई में

कुछ फंस गया हो

आगे बढ़ने से पहले सुइयां

मानो सोचने लगी हों।


उस दिन लगा

समय का अंतराल

अचानक लंबा हो गया है

क्षण, क्षण नहीं रहे

वे फैलकर अनंत होने लगे।


जाने क्या छिपा था

उस मौन के भीतर

उस छोटे-से विराम में

जो शब्दों से अधिक बोल रहा था

कुछ था, जो कह दिया था तुमने

कुछ ऐसा, जो कहकर भी

कहा नहीं जा सका।


उस दिन 

शब्दों ने अपनी सीमाएं पहचानी थीं

वे संकेत दे रहीं थीं

पर अनुभूति का पूरा विस्तार

अपने भीतर नहीं समेट पाईं

शायद इसलिए

जो सबसे महत्वपूर्ण था

वह पर्दे में ही रह गया।


मैं आज तक सोचती हूँ

क्या था वह?

क्यों हुआ ऐसा?

क्या टूटा था सहसा?

विश्वास?

भ्रम?

या वह दूरी?


मैंने जाना कि कुछ संबंध

जुड़े हुए दिखाई नहीं देते

उनके बीच

न कोई नाम होता है

न कोई वचन

फिर भी वे जड़ों की तरह

धरती के बहुत भीतर

एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं।


ऊपर से दो अलग वृक्ष

पर भीतर

एक ही जलधारा से पोषित।


शायद वही था, जो उस दिन

क्षण भर को उजागर हुआ

और फिर मौन की तहों में

वापस छिप गया।


तभी तो

आज भी

उस एक सांस में कहे गए शब्द

और उनका प्रभाव

अब तक शेष है।

क्या तुम जानते हो कि 

आज जो अनकहा छोड़ दिया है तुमने 

मन के किसी गहरे कोने में

मेरे मरने के बाद भी 

वह धड़कता रहेगा?

               -  कान्ता रॉय

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

जो विष हिस्से आया. ..

 


जीवन में पग-पग मुश्किल से ख़ुद को बचा रहा हूँ
बाहर से चुप रहकर भीतर नित छटपटा रहा हूँ।

टुकड़े भू के लगे कीमती, जिनको दिल से ज्यादा
ऐसे दिल के टुकड़ों से मैं रिश्ते निभा रहा हूँ।

बचाकर जिसे काँटों से मैंने फूलों सा महकाया
उसके दिए ज़ख्म को सहकर भी मुस्कुरा रहा हूँ।

हर रिश्ता नाता दुनिया का झूठा सा दिखता है
सब कुछ खोकर पीछा इनसे अब मैं छुड़ा रहा हूँ।      

सदा प्यार में मर- मिटने की खाते थे जो कसमें,
असली चेहरा उन झूठों का सबको दिखा रहा हूँ।  
                                          
मक्कारों की साज़िशों से भरी हुई इस दुनिया में 
परछाई से उनकी दामन अपना बचा रहा हूँ।

ख़ामोशी ने मेरी उनको पग-पग पर ताकत दी   
अब वो सारे भ्रम मैं उनके पल-पल मिटा रहा हूँ।

प्रेम-डगर पर चलते-चलते जो विष हिस्से आया,
उसको पीकर नीलकंठ मैं खुद को बना रहा हूँ।   
                
                                    - पंकज भारद्वाज

मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

इसे ही प्रेम कहते हैं शायद...










आंखों में तुम्हारी

जब भी देखा है मैंने

एक सवाल उभर आया है।


​ये दूरियाँ

कब, क्यों और कैसे

बदल जाती हैं नज़दीकियों में

​पराएपन का अहसास

कब, कैसे और कहाँ

सिमट जाता है अपनेपन के साये में

​अजनबी सा कोई दिल

वर्षों के फासलों को लाँघकर

बंध जाता है कैसे सात फेरों में

​जहाँ नहीं होता जोड़ कोई

न रक्त, न वंश, न जात-वर्ण का मेल,

समा जाते हैं दोनों जैसे नदी सागर में।


इसे ही प्रेम कहते हैं शायद

जो देह, आत्मा और रिश्तों को

बांध लेता है जन्म-जन्मांतर के लिए।


हाँ, इसे ही प्रेम कहते हैं शायद

धर्म, दिशाओं और सीमाओं को पीछे छोड़,

समा जाएँ जो एक-दूसरे में सदा के लिए।


​यही जवाब है उस सवाल का

दिल, जुबान और रूह पर जो आ रुका है अक्सर

गर सही हूँ मैं 

तो आओ मिल जाएँ हम सदा के लिए।


                  - विरेन्दर वीर मेहता


मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

कटहल




कटहल कभी बड़ा होने के लिए नहीं फला 

वह इसलिए फला कि उसे फलना था 

उसके बीज महुए के बीजों - से नहीं थे

क्योंकि उसे फूलों की पहचान का मोह नहीं था 

 वह किसी मदिर खुशबू का भ्रम नहीं दे सकता था 


कटहल किसी पेड़ की डाली में 

लिपटे हुए किसी गुल की तरह 

कोमलता से नहीं निकला 

उसकी जमीन जड़ों से लिपटी भी नहीं थी 

कटहल क्योंकि भार की अहम आमद से जुड़ा था 


कटहल पर किसने कविता लिखी 

कटहल को कभी किसी ने नहीं बताया 

उसके पत्ते बकरों के गोश्त को तैलीय बनाते रहे 

कटहल की अपनी खाल में कांटे जो थे

वे भी किसी को नहीं चुभे 

न तो बाहर से न भीतर से


कटहल ने सहजीवन जीया 

जंगलियों के साथ भी 

वनस्पतियों के साथ भी

किसी ईंट में बंधे हुए 

 किसी हाथ की गोनियों की छाप लेकर 


कटहलों का मन कब भारी हुआ 

किसी ने नहीं देखा

किसी ने यह भी नहीं देखा 

कि उसके शरीर में भी कोई गुणसूत्र जमता होगा 

कोई रोशनी उठती होगी


कटहल काठ की हांडी में टभकती हुई खीर सा

सुस्त और अधपका उतारा गया 

क्योंकि उसे अरूप के अंधकार का उत्सव जगाना था 

कटहल किसी जीवन का एकत्र राग नहीं बना 

उसे दूसरों के सुर में भटकने से डर लगता है।


                   - अश्विनी कुमार आलोक 

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

कल तक था जीवन...












​

निश्चेष्ट पड़ा धरा पर

कल तक था जीवन इसी धरा पर।


अब बेजान एक शरीर मात्र

कल तक सभी कर रहे थे बातें जिससे

आज शैय्या से उठाकर रख दिया धरा पर।


​कर रहे रुदन सब

पर नहीं कोई मुख़ातिब मुझसे।


कल तक जिन्हें रहती थी फ़िक्र इस जिस्म की

ज़रा सी खरोंच भी लग जाए

तो दौड़ते थे दवाएँ लेकर।


​और अब...

बाँस के सख़्त बिछौने पर लिटा दिया है मुझको

हल्की सी आँच से डर जाता था मैं

आज सीधा अग्नि के हवाले कर दिया मुझको।


​                                    — सुधीर "धीर"

सोमवार, 28 सितंबर 2026

निष्ठुर मृत्यु है अटल मगर









अधरों पर जलते अंगारे
मन में कुविचार कुटिल सारे
सम्बन्ध मिले अनुबन्धों के
फिर भी सब दिल से स्वीकारे।
 
पुण्य की श्वेत पताकाएँ
कर्मों की प्रबल शलाकाएँ
है अटल विधि का लेख अमिट
मगर जीवन पथ पर संयम धारे।
 
है सरल नहीं फिर भी चलना,
तपना,दहना,जलना,गलना
खोटे सिक्कों की मिली टकसाल, 
सांचों में ढलता जा रे।

शत शत अवरोधक पार किए, 
शत-शत पीड़ाएँ लिए जिए
शीतल अंगार बना पथ का
अनवरत यूँ ही चलता जा रे।

भू के काँटों की सेज सजा
नभ की उल्काएँ ओढ़ मगर
तम दूर न हो कुछ कम होगा
बन कर दीपक जलता जा रे।

निष्ठुर मृत्यु है अटल मगर
जी ले जीवन का हर पल 
अमरत्व चाह की थाह नहीं
हर पल खुद को छलता जा रे।
  
                   - मनोरंजन शर्मा

शनिवार, 19 सितंबर 2026

काश! मैं भी...

 


बचपन में,
किवाड़ के बीच में अंगुली भिंच जाने पर,
जब मैं रोता था जार-जार,
माँ किस तेजी से
मेरी चोटिल अंगुली को
मुँह में रखकर चूसने लगती थी;
भले ही, कितने ही गंदले हों मेरे हाथ, 
या जूठन में सनी हों
मेरी अंगुलियाँ;

मगर माँ थी कि
चूस लेती थी हर पीड़ा,
चमकीली चिट्टी हो जाती थी
दर्दभरी अंगुली;

इसी तरह जिंदगी-भर
जब-जब भी दुख के किवाड़ों में
भिंची मेरी अंगुलियाँ,
मेरा मन, मेरा तन,
चूसती रही माँ
मेरी हर पीड़ा, मेरा हर दर्द, मुस्कुराकर;
 
काश ! मैं भी..
माँ के मुस्कुराते चेहरे पर 
झुर्रियों का आकार लेती
उसकी पीड़ा को पहचान पाता,
उसकी उंगलियों को चूमकर
कम कर पाता
उसकी कोई एक पीड़ा।

                    - मनोज अबोध
 

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

एक दिन...









एक दिन ऐसा भी आएगा
जब सब कुछ बदल चुका होगा

वो सब जो युगों से नही बदला 
जो सालों से जंग लगे समान की तरह पड़ा है 
किसी खंडहर सा दिखता
बेरौनक, बेमकसद

उन लोगों की तरह भी
जो जिंदा होते हुए भी जिंदगी नही जी रहे होते हैं

वो भी जंग लगे सामानों की तरह पड़े रहते हैं
बिना हिले-डुले

कल्पना और हकीकत से परे 
इनकी दुनिया में एक अजीब सा खालीपन होता है 
जिसमे कोई रंग नहीं चढ़ता 
बेरंग और बेनूर

मगर तब भी एक आस बनी रहती है

एक दिन सब कुछ बदल जाने की 
खंडहर हो चुके 
इंसान के वापसी की

                            - आरती ठाकुर

बुधवार, 9 सितंबर 2026

पिता कभी कुछ नहीं कहते









वह शांत रहते है

कुछ नहीं कहते

जब पूछता हूँ तो कहते है कि अभी भी

विकासशील देश में

विकास की बातें हैरान करने वाली है

मैं शांत रहता हूँ

देखता हूँ कि उन्होंने

कितना लम्बा सफर किया है

कहते है कि सरकार ये करने वाली है

वोह करने वाली है

मैं कहता हूँ कि आप घोषणाओं में न आए

केवल और केवल

वे टीवी सीरियल्स देखें जिसमें आनंद और खुशियों भरा संसार हो

आज जो भी घटित हो रहा है

उससे न केवल ब्लडप्रेशर बढ़ता है

बल्कि खून भी नसों में अपेक्षाकृत तेज दौड़ता है

मानो वह भी गोल्ड मैडल लेकर ही दम लेगा

जबकि मामला ज़रा अलग है

कहीं पानी का भराव है

कहीं हाहाकार है।

कहीं खाने की अति है तो कहीं एक भी दाना मयस्सर नहीं

अजब हाल है

करोड़पतियों,अरबपतियों की बेशुमार लिस्ट है जो बढ़ती जा रही है

उनसे कहीँ ज्यादा गरीबों की लिस्ट

लगता है दोनों अपने स्तर को मेंटेन रखने का प्रयास कर रहे हैं

उनका प्रयास सराहनीय है

पिता जी आखिर पिता हैं

समाजिक सरोकार से जुड़े हैं

किताबों को पढ़ते हैं

लोगों को भी

वे अनुभवी हैं

समय बहुत कुछ सिखा देता है

सोचता हूँ वे पिता, जो किसी गांव में रहते हैं

वे पिता, जो दिहाड़ी मजदूर हैं

वे पिता, जो आज भी किसी लाल बत्ती पर अगरबत्तियों को बेचते हैं

वे पिता जो सर पर ईंटों को रख कर पांचवी मंजिल पर रख कर आ आते हैं

बिना किसी नानुकुर के

वे सभी पिता कितने सहनशील हैं

जो आज भी अपने परिवार के लिए

उनके सुख

उनके दुख के लिए

कितने प्रयत्नशील हैं

कितने समर्पित हैं

पिता जो शहर में रहते हैं

पिता जो किसी के भी हैं

मैं आज भी उनसे मिलता हूँ

उनका हाल-चाल पूछता हूँ

उनके सुख

उनके दुख की बात करता हूँ

अपने बूते, कुछ उनके लिए कर पाऊं, पूछता हूँ

वे कभी कुछ नहीं कहते

उलटे मुझ से कहते हैं

खुश रहो बेटा

खुश रहो

सच बताऊं, वे पल किसी पुरुस्कार से कम नहीं लगते

सच में

नहीं जाना चाहता आज मैं किसी ऊंचे पहाड़ पर बने

किसी भी मंदिर में

मैं मिलना चाहता हूँ हर उस पिता से

जो कभी कुछ नहीं कहते

वे पिता जो अक्सर चुप रहते हैं

जिन्होंने इच्छा होते हुए भी कभी केक की मांग नहीं की

कढ़ी का मन होते हुए भी तुरई चुपचाप खा ली

वे खामोश रहते हैं

पर मैं चाहता हूँ कि हर पिता कुछ अपने मन की कहे

अपनों से कहे

खुल कर कहे

कहने से प्रकृति मुस्कराती है

जिंदगी खिलखिलाती है

अच्छा लगता है

आप भी 

यदि किसी पिता से मिलिए

दिल से मिलिए

देखना दिल और दिमाग एक साथ मिलने से

जिंदगी को

कैसे खुशहाल बनाते हैं

अनुभव की बात

भीतर से आई

सच्ची मैंने खुद से कहा

मुच्ची न जाने किस ने कहा

देखा है

अब पिताजी मुस्कुराने लगे हैं

कढ़ी चावल का असर हुआ है

हास्य धारावाहिकों का भी तो

आखिर सहायक क्रियाएं जीवन को

अपेक्षाकृत सरल तो बनाती हैं

ये सच ही नहीं प्रामाणिक भी हैं।

                 - लालित्य ललित

शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

प्रतिरोध













नीम तुम क्या हो
महज़ एक पेड़
या गाँव के पुरखे
जो चुपचाप छाँह बाँटते है

तुम्हारी टेढ़ी-मेढ़ी शाखाएँ
उठी रहती हैं आकाश में
किसी तपस्वी की भुजाओं-सी,
मांगती हुई कुशल-मंगल

धरती के लिए,
मनुष्यों के लिए,
उन चिड़ियों के लिए भी
जो हर शाम
तुम्हारी देह में लौट आती हैं
अपने छोटे-छोटे भय समेटे

जेठ जब
खेतों में आग उगलता है 
पगडंडियाँ चाह कर भी 
जलते तलुवों को सहला नहीं पातीं
तब तुम
अपने भीतर का सारा हरापन
धीरे-धीरे उड़ेल देते हो
थके-हारे किसान पर 

तुम्हारी छाँह में
औरतें
घड़ों का बोझ उतार
दो पल पीठ सीधी कर लेती हैं 
मिट्टी में खेलते बच्चे 
राजा बनते हैं, फकीर बनते हैं।

तुम्हारी कड़वी पत्तियों में
न जाने कैसी मिठास छिपी है
कि दादी
हर रोग का पहला इलाज
तुम्हीं में खोजती थी 
बुखार से तपते माथे पर
तुम्हारा स्पर्श रख देती
और सचमुच
रात कुछ कम जलती थी

बरसों से
तुम चौपाल के किनारे खड़े हो
गाँव के सारे सुख-दुख के
मूक गवाह
तुम्हारी डालियों में
अब भी अटके  हैं
कुशल-मंगल के कितने ही गीत
तुम्हारे इर्द-गिर्द 
न जाने कितनी मन्नतें 
लिपटी हुई हैं धागे बन कर
गाँव की हर बेटी की बिदाई में 
तुम भी रोए होंगे चुपचाप पिता संग

तुमने देखा होगा
गांव को धीरे-धीरे बदलते
बैलगाड़ियों की रुनझुन को
मोटरों के शोर में डूबते हुए 
चिट्ठियों की स्याही को
मोबाइल की चमक में फीका पड़ते

नीम,
तुम सचमुच पेड़ भर नहीं हो
तुम गाँव का प्रतिरोध हो
सूखती नदियों के विरुद्ध 
उजड़ते घरों के विरुद्ध 
धरती को बिसराये इंसान के विरुद्ध 

जानते हो तुम 
जब भी दुनिया
बहुत निष्ठुर, बहुत कठोर लगती है
तब मन करता है कि
तुम्हारी छाल से पीठ टिकाकर
थोड़ी देर बैठूँ
और सीखूँ
कड़वाहट के भीतर भी
कैसे बचाए रखी जाती है
इतनी गहरी करुणा।

           - संदीप भटनागर

बुधवार, 26 अगस्त 2026

वापसी की राहें









शाम को लौटती राहों के पंछी 
मेरे आंगन में उतरते हैं 
मैंने बिखराये दाने 
जल्दी-जल्दी 
चुगकर उड़ जाते हैं 
सब कुछ एक अनुशासन में...

परसों मैने 
दानों भरी हथेली आगे की 
पहले बार पंछी बौराये 
जैसे भीगे हों 
पंख झाड़कर उड़ गये... 

कल झुंड इघर नहीं आया 
आज भी नहीं
दाने आंगन भर बिखेर कर 
मैं पंख झड़े सा सुन्न बदहवास...

इतने दिन मैं कैसे तृप्त था 
पंछियो की वापसी की राहें 
मेरे आंगन से गुजरती हैं
इस भ्रम में...

               - कपूर वासनिक

सोमवार, 24 अगस्त 2026

रास्ते और मैं








रास्ते

आगे-पीछे, दाएँ-बाएँ

जाल बिछाए खड़े हैं,

सर्विस रोड, बायपास, अंडरपास,

हर ओर बस धुँधले पड़ते निशान।


मैं ढूँढती हूँ अपनी गली,

अपने आँगन की मिट्टी की खुशबू,

पर सड़कों के नाम बदल गए हैं,

इमारतें ऊँची हो गई हैं,

और मकड़जाल में उलझी मैं

बस भटकती रह जाती हूँ।


हर मोड़ पर रुकती हूँ,

हर संकेत को पढ़ने की कोशिश करती हूँ,

पर दिशाएँ धुंधली हैं,

चेहरे अजनबी हैं,

और मेरी पहचान

कहीं खो गई है इन रास्तों में।


पर लड़की हूँ न

सीख गई हूँ 

रास्तों से टकराकर भी

खुद को समेटना

सीख गई हूँ अजनबी गलियों में भी

अपने होने का सबूत छोड़ना


मैं रास्ता नहीं हूँ

पर अब 

रास्ते मुझसे डरते हैं

क्योंकि मैं गुम नहीं होती

खुद को खोज लेती हूँ

हर बार, हर मोड़ पर


              - डॉ. यशोधरा भटनागर

शनिवार, 22 अगस्त 2026

गिलहरी









रहती है मेरे घर के पीछे

बाग़ के एक दरख़्त पर

उछलती, कूदती, फरफराती

एक डाल से दूसरी पर

बंदरिया-सी छलांग लगाती

ये मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

इस देश के गोरे नागरिकों की

करती है नकल

अपनी फ़रदार पूंछ को हिलाती है

अलग अलग दिशा में नचाती है

चेहरे पर रोब लाए

करती है प्रदर्शन

अपनी अमीरी का 

अपनी सुन्दरता का

हां, ये मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

अपने आगे के पैरों को देती है

हाथों-सी शक्ल और वैसा ही काम

कुतरती है सेब 

मेरे ही बाग़ के

ऐंठती हुई करती है अठखेलियां

पेड़ों से टकराती ब्यार से

उफ़! ये मेरे बाग़ की गिलहरी।

 

जब जी चाहे पहुंच जाती है

मेरे ज़ीने पर, मेरे स्टोर में

कुतर डालती है, दिखाई देता है जो भी

मैं बस सुनता हूं आवाज़ें

घबराता हूँ

मांगता हूं दुआ

पुस्तकों की ख़ैरियत की...

मुझे भक्त बना देती है

ये जो है मेरे बाग़ की गिलहरी।

 

एक दिन सपने में मेरे आ खड़ी होती है

चेहरे पर दंभ, रूप से सराबोर

गदराया बदन

दबी मुस्कुराहट

आज आने वाली है उससे मिलने

उसकी दूर की एक रिश्तेदार

उस शहर से जहां बीता था मेरा बचपन

हाँ, वो भी तो एक गिलहरी ही है।

 

ग़रीबी के बोझ से दबी

सिमटी, सकुचाई, शरमाई

अपने सलोने रंग से सन्तुष्ट

संग लाई है अपने अमरूद

बस वही ला सकती थी

महक मेरे शहर की मिट्टी की

पाता हूँ वही महक कभी अमरूद में

तो कभी उसमे जो मेरे शहर की गिलहरी है।

 

मेरे बाग़ की गिलहरी को नहीं भाती

गंवई महक अमरूद की

या फिर

मेरे शहर की मिट्टी की वो गंध

जो मेरे शहर की गिलहरी ले आई है

अपने साथ

अपने शरीर अपनी सांसों में

वह रखती है अपनी मेहमान के सामने

केक, चीज़ और ड्राई फ़्रूट

कितनी भी खा ले

पूरी है छूट

कितने बड़े दिल की मालकिन है

वो जो मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

मेरे शहर की गिलहरी सीधी है सादी सी

निकट है प्रकृति के

सरल और मासूम

बस खाती है पेड़ों के फल

कैसे पचाए केक, चीज़ और ड्राई-फ़्रूट

देखती है, मुस्कुराती है, पूछती है हाल

अपनी मेज़बान के, उसके परिवार के

परिवार यहां नहीं होता, 

सब रहते हैं अलग अलग

यह मस्त देश है

ऊंचे कुल की दिखती है वो

जो मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

सुनो... तुम यह सब नहीं खाती हो

इसी लिये सेहत नहीं बना पाती हो

मुझे देखो, कितना ख़ूबसूरत देश है मेरा

कैसा है मेरा स्वरूप, रंग रूप.. देखो

मेरे बाग़ में कितने सुन्दर पेड़ हैं

रंग-बिरंगी पत्तियों वाले पौधे

यहां का हरा रंग कितना गहरा है

यहीं आ बसो, यहां है कितना सुख

कितनी शान, मौज है मस्ती है

आत्ममुग्ध हो जाती है

जो मेरे बाग़ की गिलहरी है।

 

चुप नहीं हो पाती है

जारी है बोलना उसका और इठलाना

मेरे देश में इन्सान से अधिक

होती है परवाह हमारी

यही है वो देश जहां कभी

अस्त नहीं होता था सूर्य

जब कभी उदय होता है पूर्व में

तब भी चमकता है 

मेरा यह पश्चिम का देश

और चमकने लगता है चेहरा

मेरे बाग़ की गिलहरी का।

 

शांत किन्तु दृढ़ आवाज़ में

देती है जवाब

गिलहरी मेरे शहर की

माना कि तुम हो बहुत सुन्दर और सुगठित

धन और धान्य से भरपूर है शहर तुम्हारा

तुम्हारे देश में हैं सुख, सुविधाएं और आराम

देखो मेरी ओर

देखो मेरे इस साधारण बदन को

यह तीन उंगलियां जिसकी हैं

उसका नाम है राम 

इस तरह देती है सुख

मुझे असीम

वो जो मेरे शहर की गिलहरी है!


                     -  तेजेन्द्र शर्मा

 

 

गुरुवार, 20 अगस्त 2026

पुकारते हैं सीगल









किसी फिलिस्तीनी बच्चे से 
पुकारते हैं सीगल! 

कभी किसी ऐसी ख़ाली इतवार को
जब सूनी सी होती है वह ख़ास सड़क
जिससे बस लेने की 
सोच कर खड़े होते हैं आप 
और कोई नहीं होता बस स्टॉप पर 
तो अचानक सामने की इमारत पर
किसी मित्र सा 
किसी हितैषी सा
चिल्ला उठता है कोई एक अकेला सीगल! 
ऐसी आवाज़ में जो 
क्या ही मेरी हो सकती थी?
जब मैं चिल्लाना चाहती हूँ पुरज़ोर
कि आखिर क्यों हर शख़्स परेशान है नाहक 
यों ही तुलनाओं के जाल में फंसा हुआ
और क्यों हर बात को तोड़
और तोड़ कर इस तरह 
कर दिया जाता है गणित 
कि जैसे सोने के किसी 
पुश्तैनी बाघ मुँह कंगन को पिघला-पिघला कर
बनाए जायें केवल क्रय 
विक्रय के सिक्के!

सीगल सिक्के नहीं खाते
हम भी नहीं खाते सिक्के 
हमें बड़ा गर्व है कि पक्षियों, जानवरों की तरह भोजन 
भ्रमण से इतर है हमारा जीवन बड़ा
बड़े प्रयोजनों के लिए 
जबकि यश और ऐश्वर्य से परे 
क्या है मनुष्य रचित सारे चक्रों-कुचक्रों का लक्ष्य 
समस्या कि 
सिक्के से खरीदी जाने वाली 
चीजों के अम्बार में खोया यह समय
कहाँ देख पाता है उससे परे कुछ! 
और क्यों सिक्का? 
सोने के बिस्किट सरीखे पैसे की दौड़ का यह समय 
कभी नहीं सुनता
सुन पाता है 
फिलिस्तीनी बच्चों की पुकार 
अथवा पक्षियों की?
नदियों की? 

इस समय के पास 
मनुष्यता की किसी कराह को सुनने का समय नहीं!
समय नहीं किसी मूल्य के लिए 
इस समय के पास खुद अपने लिए समय नहीं है 
वह थम कर 
अपनी बेड़ियों को देख सके!

सोने के कंगन की क्यों?
सोने से मन की बात करें !
उसे झोंक दिया जाता है युद्ध और बाज़ार में! 
क्या जवाब है कला के पास 
कि वह कितनी आज़ाद है बाज़ार से?
कितना खड़ी है उसकी मुख़ालफ़त में? 
ऐसे तमाम जवाबों की प्रतीक्षा में खड़े सुनिये
वो पुकार रहा है सीगल
कैसी विकल आवाज़ में 
कि जाने किस बिछड़ी याद को 
किस बिछड़े लम्हे, दोस्त, 
नदी सागर को पुकार रहा है सीगल!
बनकर इन सब की आवाज़!
सुनिये, पुकार रहा है सीगल!

शहर पर तिरती है सीगल की आवाज़! 
बम का साइरन नहीं 
गाड़ी का हॉर्न नहीं
ऐम्बुलेंस की चीख नहीं
पुलिस की गाड़ी का अलार्म नहीं
वह इस सबकुछ को बचा लेने की आवाज़ है 
जो सबसे कीमती है इस शहर में!
सुनिये पुकार रहा है सीगल !

सागर पर दूर तक तिरती है उसकी आवाज़! 
कुछ लहराता है ज़्यादा समुद्र उसकी आवाज़ पर ! 
लेकिन शहर !
शहर चलता है अपनी चाल! 

पल भर के लिए सुनो किस तरह 
फिलिस्तीनी बच्चे सा विकल विह्वल पुकार रहा है सीगल!

                                                   -पंखुरी सिन्हा

मंगलवार, 18 अगस्त 2026

स्मार्ट फ़ोन









मैं सफ़र में था


हसीन लोग

हसीन  नज़ारे

कब मेरे क़रीब से गुज़र गए

मुझे पता ही न चला


इधर-- उधर देखने की

फुर्सत ही  कहाँ थी

सारे सफ़र

मैं तो गड़ाए था उसी में नजरें


मेरे  खूबसूरत पलों का दुश्मन

आजकल मेरे हाथ में रहता है !

  

                   - सुभाष नीरव


रविवार, 16 अगस्त 2026

दूसरी तिथि









जीवन में 

दो ही तिथियां

होती हैं

सबसे महत्वपूर्ण

एक... बर्थडे वाली 

और दूसरी 

जिस दिन गिरना होता है 

जीवन-नाटक का पर्दा...


पहली...

हम हर साल मनाते हैं...

लेकिन

दूसरी का 

नहीं होता किसी को पता.. 

वैसे हर साल गुज़रते हैं..

इसके ऊपर से बिना जाने 

कि यही है वो

'राउंड-फिगर' रह जाते हैं.. 

जिस दिन.. 

बाक़ी के बचे साल..


जब चला जाता है कोई.. 

तभी पता चलता है इसका.. 

कि यही थी वो...

पहले भी हर साल आई थी... 

बाद में भी हर साल आयेगी...।


                   - डॉ. राजेन्द्र साहिल 


शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

असली जीत









जब गाली कोई देता है

बदले में चुप रह जाता हूँ

तब कायर मुझको लोग समझने लगते हैं..


पर मुझे पता है 

गाली मैं भी दे दूंगा

तो जीत सामने वाले की हो जायेगी

मैं भी उसके जैसा ही

कीचड़ में लथपथ हो जाऊंगा...


इसलिये

कभी जब कोई गुस्सा होता है

मैं बदले में देकर मीठी मुस्कान

आग में पानी डाला करता हूँ...


जो अपने गुस्से की ज्वाला में

मुझे जलाने वाला था

वह आग बुझाते ही मेरे

स्वयं पर शर्मिंदा होने लगता है...


धुलने लगता जब मैल

साफ-सुथरा वह होने लगता है

तब मुझको अपनी जीत दिखाई पड़ती है।


                          - हेमधर शर्मा



बुधवार, 12 अगस्त 2026

अनुत्तरित प्रश्न...








वे न कटते तो क्या करते बेचारे

वे खुद ही सूखे या सुखाये गये

यह प्रश्न अनुत्तरित सा मुँह बाए खड़ा

ठूंठ बन कर खड़े रहना, गर्मी सर्दी सहना

उन्हें कैसे भाता। 


समर्पण कर दिया होगा

इसीलिए कट फट जाने के लिए

आरी गर्दन पर आते ही

कितना तड़फड़ाए होंगे

बीते दिनों को याद कर 

बिलबिलाये होंगे। 


पतझड़ी मौसम में, किंचित

कष्ट आता था

किन्तु बसन्त का आगमन

चेतना जगाता था। 


विषैली मानसिकता वालों ने

जबरिया विष पान को मजबूर किया होगा

और हँसते, खिलखिलाते

विष पान कर गये बेचारे। 


अपना अन्त जानते थे

वे मूक प्राणी 

किन्तु सह गये चुपचाप

धनाढ्यों को और धनाढ्य

बनाने के लिए। 


कर गये बलिदान अपना 

बलिवेदी न चढते, तो क्या करते बेचारे।


                     -   रमेश माहेश्वरी 'राजहंस'