उस एक साँस में
जाने क्या कह गए तुम
हवाएँ ठिठक गईं
जैसे किसी ने
क्षण भर के लिए
उन्हें बाँध दिया हो।
चलते-चलते
कदम रुक गए
ज्यों घड़ी की सुई में
कुछ फंस गया हो
आगे बढ़ने से पहले सुइयां
मानो सोचने लगी हों।
उस दिन लगा
समय का अंतराल
अचानक लंबा हो गया है
क्षण, क्षण नहीं रहे
वे फैलकर अनंत होने लगे।
जाने क्या छिपा था
उस मौन के भीतर
उस छोटे-से विराम में
जो शब्दों से अधिक बोल रहा था
कुछ था, जो कह दिया था तुमने
कुछ ऐसा, जो कहकर भी
कहा नहीं जा सका।
उस दिन
शब्दों ने अपनी सीमाएं पहचानी थीं
वे संकेत दे रहीं थीं
पर अनुभूति का पूरा विस्तार
अपने भीतर नहीं समेट पाईं
शायद इसलिए
जो सबसे महत्वपूर्ण था
वह पर्दे में ही रह गया।
मैं आज तक सोचती हूँ
क्या था वह?
क्यों हुआ ऐसा?
क्या टूटा था सहसा?
विश्वास?
भ्रम?
या वह दूरी?
मैंने जाना कि कुछ संबंध
जुड़े हुए दिखाई नहीं देते
उनके बीच
न कोई नाम होता है
न कोई वचन
फिर भी वे जड़ों की तरह
धरती के बहुत भीतर
एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं।
ऊपर से दो अलग वृक्ष
पर भीतर
एक ही जलधारा से पोषित।
शायद वही था, जो उस दिन
क्षण भर को उजागर हुआ
और फिर मौन की तहों में
वापस छिप गया।
तभी तो
आज भी
उस एक सांस में कहे गए शब्द
और उनका प्रभाव
अब तक शेष है।
क्या तुम जानते हो कि
आज जो अनकहा छोड़ दिया है तुमने
मन के किसी गहरे कोने में
मेरे मरने के बाद भी
वह धड़कता रहेगा?
- कान्ता रॉय

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें