सोमवार, 28 सितंबर 2026

निष्ठुर मृत्यु है अटल मगर









अधरों पर जलते अंगारे
मन में कुविचार कुटिल सारे
सम्बन्ध मिले अनुबन्धों के
फिर भी सब दिल से स्वीकारे।
 
पुण्य की श्वेत पताकाएँ
कर्मों की प्रबल शलाकाएँ
है अटल विधि का लेख अमिट
मगर जीवन पथ पर संयम धारे।
 
है सरल नहीं फिर भी चलना,
तपना,दहना,जलना,गलना
खोटे सिक्कों की मिली टकसाल, 
सांचों में ढलता जा रे।

शत शत अवरोधक पार किए, 
शत-शत पीड़ाएँ लिए जिए
शीतल अंगार बना पथ का
अनवरत यूँ ही चलता जा रे।

भू के काँटों की सेज सजा
नभ की उल्काएँ ओढ़ मगर
तम दूर न हो कुछ कम होगा
बन कर दीपक जलता जा रे।

निष्ठुर मृत्यु है अटल मगर
जी ले जीवन का हर पल 
अमरत्व चाह की थाह नहीं
हर पल खुद को छलता जा रे।
  
                   - मनोरंजन शर्मा

1 टिप्पणी:

  1. वाह, सुंदर
    साधुवाद जीतू जी,अच्छी कविताएँ पढ़ने को मिलती हैं ,आपके ब्लॉग पर

    जवाब देंहटाएं