आँगन के बीचों-बीच
वह रौंपी गई—
पूरे विधि-विधान से,
मंत्रों के बीच,
आस्था के साथ
सुबह-शाम
उसके आगे दीप जला,
जल चढ़ा,
परिक्रमा हुई—
उसका सम्मान
पूजा में बँधा रहा,
और जीवन
एक गमले में।
स्त्री भी मंत्रों और
सप्तपदी के संस्कारों से सुसज्जित
आती है सुसराल
कहा गया—
“यह घर की लक्ष्मी है…”
दोनों, धूप, वर्षा, सर्दी—
सब सहती रहीं,
कभी शिकायत नहीं की—
क्योंकि बताया गया था उन्हें
कि सहना ही धर्म है।
वह बढ़ना चाहती हैं
थोड़ा और,
थोड़ा फैलकर—
पर उनकी जड़ें
उतनी ही गहरी हुईं
जितनी उस चौखट ने
अनुमति दी।
दोनों को लोग सम्मान तो देते हैं
पर कोई उनकी इच्छा नहीं पूछता कि
क्या वह कभी
स्वतंत्र भी होना चाहती हैं ?
फिर भी—
वह हर सुबह
हरी हो जाती है,
जैसे एक पत्नी—
हर दिन
नए विश्वास के साथ
घर को घर बनाने में जुट जाती है।
- शोभा स्वप्निल

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें