शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

एक नज़्म जीवन की









ये नज़्म 
आख़िरी नहीं दोस्त
और लिखी जाएँगी 
ऐसी भावुक नज़्में,
जबतक ज़िन्दगी देगी साथ,
मेरा साथ भी
मिलेगा उनको।

दिल जब - जब -
भावुक होगा 
ऐसे ही मस्तिष्क 
उठा लेगा चाबुक ,
मना करेगा उसे, 
घुड़केगा 
काबू कर लेगा।

जायज़ नहीं है ये तरकीब,
ग़लत परम्परा है  
अतिभावुक होकर
खुद को गलाना 
और बेवक्त
मृत्यु के कसीदे पढ़ना।

कवियों , ग़ज़लगो 
सब ही तो खेलते - 
पेलते और बेलते हैं 
संवेदनाओं की रोटी।
खाते उसी के निवाले,
तुम, अनोख़े नहीं।

पर तुम भी तो 
एक "दिलवाले" से
जाने - माने जाते हो 
और
खूब कलम घिसते हो,
फिर भी 
सच की भट्टी में 
रात - दिन 
पल - प्रतिपल 
जलते - तपते और फिरते हो। 

जीवन के 
संवादों - स्वादों को 
चख लो तुम ,
वैसे भी
सघन तकलीफ़ों की
खाद - पानी से 
फूट आएँगे कलतक
'कल्ले नये '।

तुम बस डूबकर लिखो ,
जब डूबकर लिखोगे -
अपने भीतर की गहराइयों से ,
तब 
डूबकर मर जाने की बात
भूल जाओगे।
तुम भिज्ञ हो कि  
मन को तपाए बिन 
कहाँ बनते हैं 
प्रेमचंद, शरद, नागार्जुन, निराला ?
 
रंग डालो पुर्जे और खर्रे ...
नज़्म, कविताएँ, अफ़साने 
तुम और भी लिखोगे,
पर जितना सहोगे 
उतना कहने की
हिम्मत दिखा सकोगे?
यूँ तो 
कागज़ - कलमवाले बहुतेरे हैं 
परंतु 
तुम अनोखे हो , 
सचमुच !

ज़माना बदल जाए 
तो भी तुम्हारी
डायरियाँ - शायरियाँ 
यूँ ही
बाँची जाती रहेंगी।

अब हक़ीक़त ये है कि
कड़वी ही सही ,
गुफ़्तगू करने की मंशा है तो 
ढूँढने होंगे साथी
कोई जो -
एक मन हों, 
गाएँ जीवन - छंद  
सोचे - समझे तुम्हें, 
तुम्हारी नज़्मों - नग्मों को। 

तराने गाओ
सुर छेड़ो 
सम पर आने तक
अंत में रुलाएँगे ही वो। 
तुम्हारी लिखी 
डायरियों के पन्ने 
सफ़ेद से पीले हो जाएँगे 
सूख कर काग़ज़ भी एक दिन
कुरकुरे होकर
पुर्जा - पुर्जा हो जाएँगे।

ज़िन्दगी तब भी -
एक सच्ची इबारत
लिख रही होगी 
जैसे लिखती रही है 
तुम्हारे पहले 
और लिखेगी 
तुम्हारे जाने के बाद में भी... ।

कलम उठा कर -
भूलो मृत्यु को
और लिख डालो
एक नज़्म जीवन की। 
इंतज़ार रहेगा 
जीवन की नज़्म का 
लिखते रहना ही तो परम्परा है न 
यहाँ की ....।

तो निभाओ न उसे। 
            
               - विभा रश्मि 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें