बुधवार, 29 जुलाई 2026

ओम








ओस में नहाई

हरी भरी घास पर 

चमचमाते

सैकड़ों हरे भूरे लाल सुनहरे पत्ते 

चहचहा रहे हैं 

नावाकिफ़ अपने आसन्न अन्त से


मेरे दबे पाँव रखने के बावजूद 

वे आँखें मलते हुए उठ बैठे

मेरी टाँगो से लिपट मचलने लगे

उन्हें अपनी बाहों में समेटे 

लोट-पोट में मुझे मशगूल देख

पेड़ खिलखिलाने लगे 

चक्राकार में घूमती 

हमसे बतियाती हंसियाती प्रकृति 

अपनी गोद में झुलाते बहलाते हमें 

आगत के लिए आगाह कर बैठी

'ये जो लाल सुनहरे पत्ते तुम्हारे सिर पर 

इतरा रहे हैं न आज

कल ये भी तुम्हारे कदमों में बिछे होंगे 


उसकी गोद में कुनमुनाती

मैं कह उठी

'हाँ मां, कल मैं भी तो आऊंगी 

तुम्हारी ही शरण में 

तुम में एकाकार होने।


कानों में बज उठी

फिर वही ब्रह्मांड की 

अनन्त और सुरीली धुन

जिसके स्वर में स्वर मिला 

मैं भी गुनगुना उठी 

ओम...

     - दिव्या माथुर



7 टिप्‍पणियां:

  1. बहुत-बहुत धन्यवाद, जितेन्द्र जी, शानदार प्रस्तुति, मेरी साधारण सी रचना में चार चाँद लगा दिये। सस्नेह, दिव्या माथुर, www.divyamathur.com

    जवाब देंहटाएं
  2. अच्छी कविता प्रस्तुत की है आ. जितेन्द्र जी ने।

    जवाब देंहटाएं
  3. वाह, बहुत ही खूबसूरत और सच्ची कविता,इतनी अच्छी रचनाओं को पाठकों तक पहुंचाने के लिए आदरणीय जीतेन्द्र जी को बहुत बहुत साधुवाद

    जवाब देंहटाएं