रेखा लंबी हो या छोटी,
शब्दों में हो या चुप्पी ओढ़े,
मन की मिट्टी पर जो खिंच जाए,
वह यूँ ही कब मिटती है?
कागज़ पर जो रेखा दिखती,
भीतर उसकी राह अलग है,
एक सिरा स्मृतियों में अटका,
एक भविष्य की दहलीज़ तक है।
कुछ रेखाएं हाथों में लिखीं,
कुछ आंखों की कोरों पर हैं,
कुछ रिश्तों के बीच उगी हैं,
कुछ अपने ही भीतर बसी।
शब्दों वाली रेखाएं अक्सर
मन मौसम लिख जाती है
अनकहे से संवादों की
सारी धड़कन कह जाती हैं।
रेखा केवल सीमा कब है,
रेखा तो विस्तार भी है,
टूटे मन को जोड़ सके जो,
वह अदृश्य आधार भी है।
कभी किसी की एक लकीर ही
जीवन का आकार बनी,
कभी किसी की लंबी रेखा
भटकन का संसार बनी।
दूरी भी है, डोरी भी है,
रेखा का हर रूप नया,
एक तरफ़ बिखरा अंधियारा,
दूजे छोर खड़ा सवेरा।
इसलिए हर रेखा को केवल
आड़ी-तिरछी मत कहना,
उसमें कोई स्वप्न धड़कता है,
उसमें कोई मन रहता है।
रेखा लंबी हो या छोटी,
माने उसकी लंबाई नहीं
कितना जीवन समेटे बैठी है
असल कहानी तो वहीं।
- नीलिमा शर्मा


अच्छी कविता है नीलिमा जी की। हार्दिक बधाई 🎊
जवाब देंहटाएंधन्यवाद
हटाएंशुक्रिया आपका
जवाब देंहटाएं'कविकुल' ब्लॉग पर मेरी कविता प्रकाशित करने हेतु आदरणीय जितेन्द्र 'जीतू' जी का हार्दिक आभार। आपकी आत्मीयता और साहित्य-प्रेम के लिए सादर धन्यवाद।
जवाब देंहटाएंआपका भी आभार!!
हटाएंबहुत सुंदर रचना है। कवयित्री को बहुत बहुत बधाई
जवाब देंहटाएंधन्यवाद
जवाब देंहटाएं