आंखों में तुम्हारी
जब भी देखा है मैंने
एक सवाल उभर आया है।
ये दूरियाँ
कब, क्यों और कैसे
बदल जाती हैं नज़दीकियों में
पराएपन का अहसास
कब, कैसे और कहाँ
सिमट जाता है अपनेपन के साये में
अजनबी सा कोई दिल
वर्षों के फासलों को लाँघकर
बंध जाता है कैसे सात फेरों में
जहाँ नहीं होता जोड़ कोई
न रक्त, न वंश, न जात-वर्ण का मेल,
समा जाते हैं दोनों जैसे नदी सागर में।
इसे ही प्रेम कहते हैं शायद
जो देह, आत्मा और रिश्तों को
बांध लेता है जन्म-जन्मांतर के लिए।
हाँ, इसे ही प्रेम कहते हैं शायद
धर्म, दिशाओं और सीमाओं को पीछे छोड़,
समा जाएँ जो एक-दूसरे में सदा के लिए।
यही जवाब है उस सवाल का
दिल, जुबान और रूह पर जो आ रुका है अक्सर
गर सही हूँ मैं
तो आओ मिल जाएँ हम सदा के लिए।
- विरेन्दर वीर मेहता

रचना को मान देने के लिए सादर धन्यवाद आदरणीय जीतू जी।
जवाब देंहटाएंबहुत सुंदर, वाह
जवाब देंहटाएं